अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत, बदला गया प्रतिशत का नियम..
उत्तराखंड: अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। सेना भर्ती प्रक्रिया में लंबे समय से विवाद का कारण बने एडिशनल सब्जेक्ट के नियम में अब अहम बदलाव कर दिया गया है। नए नियम के तहत अब भर्ती के लिए कुल प्रतिशत निकालते समय एडिशनल विषयों के अंक नहीं जोड़े जाएंगे। इस फैसले से हजारों ऐसे युवाओं को फायदा मिलने की उम्मीद है, जो केवल अतिरिक्त विषयों में कम अंक आने के कारण भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो जाते थे। अब तक अग्निवीर भर्ती के लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के सभी विषयों के अंक कुल प्रतिशत में शामिल किए जाते थे। भर्ती में पात्रता के लिए अभ्यर्थियों को न्यूनतम 45 प्रतिशत कुल अंक और प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य था। लेकिन कई विद्यार्थियों के लिए एडिशनल सब्जेक्ट परेशानी का कारण बन रहे थे। खासकर उत्तराखंड बोर्ड से पढ़ाई करने वाले छात्रों को इसका सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ता था।
आपको बता दे कि अधिकांश छात्र एडिशनल विषयों को मुख्य विषयों जितनी गंभीरता से नहीं लेते थे। इसका असर उनके कुल प्रतिशत पर पड़ता था और कई योग्य अभ्यर्थी भर्ती के लिए निर्धारित प्रतिशत से नीचे चले जाते थे। ऐसे में लंबे समय से इस नियम में बदलाव की मांग उठाई जा रही थी। युवाओं और विभिन्न संगठनों की ओर से लगातार सेना के स्थानीय और उच्च अधिकारियों तक यह मुद्दा पहुंचाया गया। इस संबंध में मयूख भट्ट ने कहा कि एडिशनल सब्जेक्ट की बाध्यता हटाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। कई बार अधिकारियों को पत्र भेजे गए और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। लंबे समय बाद अब इस दिशा में सकारात्मक फैसला लिया गया है।
नए नियम के अनुसार अब केवल मुख्य विषयों के अंकों के आधार पर प्रतिशत तैयार किया जाएगा। अभ्यर्थियों को टॉप-5 विषयों में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे, जबकि प्रत्येक विषय में 33 प्रतिशत अंक जरूरी रहेंगे। इससे पहले जो युवा केवल एडिशनल विषय में कम अंक आने की वजह से पात्रता से बाहर हो रहे थे, उन्हें अब भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी करम सिंह ने भी नियम में बदलाव की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पहले एडिशनल विषयों के अंक भी कुल प्रतिशत में जोड़े जाते थे, लेकिन अब संशोधित नियम लागू कर दिया गया है। नया नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो चुका है और इससे बड़ी संख्या में युवाओं को राहत मिलेगी। अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं में इस फैसले के बाद खुशी का माहौल है। अभ्यर्थियों का मानना है कि इससे योग्य उम्मीदवारों को बेहतर अवसर मिलेगा और भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व न्यायसंगत बनेगी।

More Stories
खराब मौसम के बीच हाईटेक निगरानी से संचालित हो रही चारधाम हेली सेवा..
चारधाम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धालुओं का आंकड़ा 11 लाख के पार..
देहरादून में सॉफ्टवेयर इंजीनियर का अपहरण कर लूटपाट, पुल से नदी में फेंका..