November 18, 2026

पुलिस कांस्टेबल से दरोगा तक 2200 से अधिक पदों पर होगी भर्ती..

पुलिस कांस्टेबल से दरोगा तक 2200 से अधिक पदों पर होगी भर्ती..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ओर से नवंबर महीने में समूह-ग के 2200 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इन भर्तियों में पुलिस कांस्टेबल, दरोगा, वन आरक्षी, अग्निशामक सहित कई विभागों के पद शामिल हैं। आयोग ने अलग-अलग पदों के लिए विज्ञापन जारी करने का कार्यक्रम भी तय कर दिया है। आयोग के मुताबिक, पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी आरक्षी, अग्निशामक, वन आरक्षी, स्पेशल टाइगर गार्ड, आबकारी सिपाही, परिवहन आरक्षी, बंदीरक्षक और सचिवालय रक्षक के लगभग 1694 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया जा चुका है। इसके अलावा पुलिस उपनिरीक्षक (दरोगा), प्लाटून कमांडर, पीएसी और आईआरबी, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, अभिसूचना उपनिरीक्षक, उप आबकारी निरीक्षक और वन दरोगा के करीब 250 पदों के लिए 25 नवंबर को विज्ञापन जारी किया जाएगा। वहीं, मानचित्रकार और प्रारूपकार के लगभग 200 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन 30 नवंबर को आने की संभावना है।

स्नातक स्तरीय पदों के लिए भी आएगा विज्ञापन

आयोग 30 नवंबर को स्नातक स्तर की शैक्षिक योग्यता वाले पदों के लिए भी भर्ती विज्ञापन जारी करेगा। इस तरह नवंबर महीने में कुल 2200 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। आयोग की योजना के अनुसार, वर्दीधारी पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा जनवरी 2027 के पहले सप्ताह से शुरू कराई जा सकती है।

वन निगम स्केलर भर्ती की शारीरिक परीक्षा 23 नवंबर से

उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 23 नवंबर से आयोजित होगी। परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसके साथ ही शॉट पुट, ऊंची कूद और लंबी कूद की परीक्षा भी होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले पर्याप्त अभ्यास करने की सलाह दी है। इस भर्ती के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा दो दिनों तक चलेगी। पहले दिन अभ्यर्थियों को सुबह सात बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज होने के बाद शारीरिक माप और दौड़ की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने एडमिट कार्ड पर बारकोड की उपलब्धता जरूर जांच लें। किसी प्रकार की परेशानी होने पर आयोग के हेल्पलाइन नंबर 9520991174 और 9520991172 पर संपर्क किया जा सकता है।

स्नातक स्तरीय भर्ती की टंकण परीक्षा 22 नवंबर को

आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती के अंतर्गत वैयक्तिक सहायक और सहायक समीक्षा अधिकारी पदों के लिए टंकण परीक्षा 22 नवंबर को आयोजित की जाएगी। इसके एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं। वहीं, हाईकोर्ट के अधीनस्थ न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक और स्टेनोग्राफर पदों के लिए लिखित परीक्षा 20 दिसंबर को प्रस्तावित है। दूसरी ओर, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग छह दिसंबर को प्रवक्ता-कला परीक्षा आयोजित करेगा। इस परीक्षा के प्रवेश पत्र 19 नवंबर को जारी किए जाने हैं।