
पीएम गतिशक्ति योजना को गति, 44 विभागों की 15 हजार करोड़ की परियोजनाएं पोर्टल में शामिल होंगी..
उत्तराखंड: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में जानकारी दी कि पीएम गति शक्ति योजना के अंतर्गत राज्य के 44 विभागों ने अब तक लगभग ₹15,000 करोड़ लागत की कुल 1020 परियोजनाएं पीएम गति शक्ति उत्तराखंड पोर्टल पर अपलोड की हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि इन परियोजनाओं की प्राथमिकता तय करना अब विभागीय सचिवों की जिम्मेदारी है, ताकि राज्य में समग्र और समन्वित विकास के लक्ष्य को गति मिल सके। मुख्य सचिव बर्द्धन ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी प्रस्तावित परियोजनाओं की स्क्रूटनी (जांच-पड़ताल) पहले वित्त, नियोजन और प्रशासनिक विभाग के माध्यम से की जाएगी। इसके बाद ही उन्हें स्वीकृति प्रदान की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजनाओं की प्रगति और कार्यान्वयन की निगरानी केवल पीएम गति शक्ति उत्तराखंड पोर्टल के माध्यम से की जाए। इससे वास्तविक समय (real-time) में निगरानी संभव हो सकेगी और विकास कार्यों में पारदर्शिता व गति बनी रहेगी। प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना एक समेकित अवसंरचना विकास पहल है, जिसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाना और परियोजनाओं की लागत, समय और संसाधनों की बेहतर योजना बनाना है। इसके तहत एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सभी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं लाकर एकीकृत योजना बनाई जाती है।
मुख्य सचिव ने विभागीय सचिवों को निर्देश दिए कि वे परियोजनाओं की प्राथमिकता तय करें और कहा कि वित्त, नियोजन व प्रशासनिक विभागों के माध्यम से स्क्रूटनी के बाद ही स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी रीयल टाइम में पोर्टल के माध्यम से शासन और संबंधित विभागों को मिलती रहेगी। इससे योजनाओं की तेजी से निगरानी और समय पर क्रियान्वयन संभव होगा। मुख्य सचिव ने आईटी सचिव को निर्देश दिए कि वह ई-ऑफिस सिस्टम और प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग पोर्टल को शीघ्र एकीकृत करें, जिससे सभी संबंधित प्रक्रियाएं डिजिटल रूप से एकसाथ और समन्वित रूप में संचालित हो सकें। बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव नितेश कुमार झा, सचिन कुर्वे, दिलीप जावलकर, डॉ.बीवीआरसी पुरुषोत्तम, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनय शंकर पांडेय, श्रीधर बाबू अद्दांकी, दीपेंद्र कुमार चौधरी, धीराज सिंह गर्ब्याल मौजूद रहे।
More Stories
तीन दिन तक बंद रहेगी केदारनाथ यात्रा, सोनप्रयाग मार्ग पर भूस्खलन से रास्ता ठप..
मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना से जुड़ेगीं पात्र महिलाएं, मिलेगा आर्थिक सहारा..
पूर्व सैनिकों को हर नौकरी में मिलेगा आरक्षण, हाईकोर्ट ने राज्य सरकार का शासनादेश रद्द किया..