September 19, 2024

HNN MEDIA

हर खबर की सच्चाई

केंद्रीय कैबिनेट के फैसलों का सीएम धामी ने किया स्वागत, बताया ऐतिहासिक कदम..

केंद्रीय कैबिनेट के फैसलों का सीएम धामी ने किया स्वागत, बताया ऐतिहासिक कदम..

 

 

 

 

उत्तराखंड: ‘एक देश, एक चुनाव’ पर बनी कोविंद समिति की रिपोर्ट को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय कैबिनेट के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने इसे बहुप्रतीक्षित एवं ऐतिहासिक कदम बताया। सीएम धामी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारतीय लोकतंत्र को और अधिक सशक्त व प्रभावी बनाने की दिशा में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा ‘एक देश-एक चुनाव’ के प्रस्ताव को मंजूरी दिया जाना स्वागत योग्य निर्णय है। ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ से चुनाव में लगने वाले सरकारी धन व समय की बचत होगी तथा इसका उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य व आधारभूत संरचना के विकास में इसे लगाया जा सकेगा।

इसके साथ ही केंद्रीय कैबिनेट द्वारा प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नति ग्राम अभियान को मंजूरी दिए जाने पर भी सीएम धामी ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से जनजातीय समाज के जीवन-स्तर में सुधार होगा और वे सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से अधिक सशक्त होंगे। सीएम धामी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की भी प्रशंसा की, जिनसे हर वर्ग और समुदाय को लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में पहली बार ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ की परिकल्पना की थी, जिसका उद्देश्य बार-बार होने वाले चुनावों से देश के विकास में आने वाली रुकावटों को कम करना और सरकारी खर्च को नियंत्रित करना है।

क्या है ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ ?

‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ (एक देश, एक चुनाव) का विचार भारत में एक साथ केंद्र और राज्य स्तर के चुनाव कराने की अवधारणा है। इसका मतलब यह है कि देशभर में लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा चुनाव एक ही समय पर कराए जाएं, बजाय अलग-अलग समय पर होने वाले चुनावों के। यह विचार इस उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है कि बार-बार चुनाव कराने से होने वाले खर्च, समय और संसाधनों की बचत की जा सके और सरकार विकास कार्यों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सके।