चारधाम यात्रा से रोडवेज की आय बढ़ी, अब दुर्गम पहाड़ी मार्गों पर 50 मिनी बसें उतारने की तैयारी..
उत्तराखंड: उत्तराखंड परिवहन निगम ने आर्थिक स्थिति मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नई कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के छोटे और दुर्गम मार्गों पर 50 नई मिनी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी। परिवहन निगम की ओर से चारधाम यात्रा के दौरान इस वर्ष अच्छी आय दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार यात्रा अवधि में निगम को करीब 8 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जिससे आर्थिक स्थिति में सुधार की उम्मीद जगी है। वहीं, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बस किराये में किए गए बदलाव के बाद रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ी है।
पहाड़ी क्षेत्रों के लिए होंगी नई मिनी बसें
प्रदेश के संकरे और पहाड़ी मार्गों को देखते हुए मिनी बसों के संचालन की योजना बनाई गई है। इन बसों के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों के यात्रियों को सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधा मिल सकेगी। परिवहन विभाग ने इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा देने की दिशा में भी कदम तेज कर दिए हैं। जल्द ही उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में करीब 140 इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने की संभावना है। इसके लिए प्रदेशभर में चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिल सके। यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज टिकट बुकिंग प्रणाली को और सरल बनाया जा रहा है। अब कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी यात्री बसों के टिकट बुक कर सकेंगे। इसके अलावा परिवहन विभाग के कार्यालयों और बस स्टेशनों के आधुनिकीकरण पर भी काम किया जा रहा है।
हर जिले में सिटी बस सेवा की तैयारी
परिवहन निगम प्रदेश के सभी जिलों में सिटी बस सेवा शुरू करने की योजना पर भी काम कर रहा है। समीक्षा बैठक में बसों के रखरखाव, पुराने वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाने, नई भर्तियों, बस अड्डों की सुविधाओं में सुधार, ऑनलाइन टिकट प्रणाली को बेहतर बनाने और यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने से जुड़े सभी कार्यों को तय समय में पूरा किया जाए।

More Stories
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में एडमिशन शुरू, होम स्टे प्रबंधन और क्षेत्रीय भाषाओं के नए कोर्स लॉन्च..
चुनाव आयोग ने पूरी की SIR की पहली प्रक्रिया, अब मतदान केंद्रों का होगा पुनर्गठन..
उत्तराखंड में हेली सेवाओं का विस्तार, तीन नए हेलिपोर्ट और तीन शहरों में विकसित होगा इंफ्रास्ट्रक्चर..