ऋषिकेश-देहरादून हाईवे पर बड़ा हादसा, तीन वाहन आपस में टकराए..
उत्तराखंड: देहरादून-ऋषिकेश मार्ग पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। तीन वाहनों की आपस में जोरदार भिड़ंत से मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसा सुबह के समय उस वक्त हुआ जब सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ रही थी। दुर्घटना में एक कार और दो बसें शामिल बताई जा रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार देहरादून की ओर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सामने चल रही बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार दूसरी दिशा से आ रही बस से भी जा भिड़ी। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने वाहनों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव दल ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारु कराया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आने की बात कही जा रही है। सभी को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह कार चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि चालक को अचानक नींद आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार सीधे बस से जा टकराई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद प्रशासन ने वाहन चालकों से सतर्कता बरतने और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम करने की अपील की है। खासकर सुबह और देर रात के समय ड्राइविंग करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

More Stories
खराब मौसम के बीच हाईटेक निगरानी से संचालित हो रही चारधाम हेली सेवा..
अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत, बदला गया प्रतिशत का नियम..
चारधाम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धालुओं का आंकड़ा 11 लाख के पार..