कांवड़ यात्रा की निगरानी में ड्रोन की तैनाती के निर्देश, सभी विभागों में नोडल अधिकारी नामित होंगे
उत्तराखंड: राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में ड्रोन निगरानी प्रणाली को सक्रिय रखने जा रहा है। यात्रा के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों, सड़कों, घाटों और पुलों पर ड्रोन के माध्यम से नजर रखी जाएगी। ड्रोन से रियल टाइम विजुअल्स सीधे राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे, जहां से अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी और त्वरित निर्णय लिए जा सकेंगे। यह पहल कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और सुव्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक तकनीकी और रणनीतिक कदम मानी जा रही है।
कांवड़ यात्रा 2025 की सुरक्षा और समन्वय को लेकर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में यूएसडीएमए कंट्रोल रूम में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) आनंद स्वरूप ने अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में ड्रोन तैनात किया जाएगा, जिससे भीड़भाड़ वाले स्थलों, घाटों, सड़कों और पुलों की रियल टाइम निगरानी संभव हो सकेगी। इन ड्रोन से मिलने वाले विजुअल्स की राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों (SEOC और DEOC) से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग एक-एक अधिकारी को सिंगल प्वाइंट ऑफ कॉन्टेक्ट (SPOC) के रूप में नामित करें, और उनकी सूची SEOC व DEOC के साथ साझा की जाए, ताकि किसी भी स्थिति में समयबद्ध समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके।
कांवड़ यात्रा 2025 की तैयारियों को परखने और आपदा स्थिति में प्रतिक्रिया क्षमता जांचने के लिए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) द्वारा 30 जून को बाढ़ पर आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह मॉक ड्रिल विशेष रूप से हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और गंगा घाटों की तैयारियों को परखने के लिए की जा रही है।गंगा घाटों में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरफ, जल पुलिस के अलावा 60 आपदा मित्र तैनात रहेंगे। कांवड़ियों को आपदा की स्थिति में अलर्ट और सहायता के लिए ‘सचेत ऐप’ डाउनलोड कराने की भी योजना है, जिससे रियल टाइम सूचना और लोकेशन ट्रैकिंग संभव हो सकेगी। तैयारियों की समीक्षा को लेकर हुई बैठक में यूएसडीएमए के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) आनंद स्वरूप और अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) डीआईजी राजकुमार नेगी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
प्रदेश के 206 मदरसों में साप्ताहिक अवकाश के नियम बदलेंगे..
आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं..
पुलिसकर्मियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं..