IISER और आयुर्वेद संस्थान से बदलेगी उत्तराखंड की तस्वीर..
केंद्र ने दिया प्रस्तावों पर विचार का भरोसा..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के विकास को लेकर केंद्र सरकार ने राज्य के तीन अहम प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाया है। प्रदेश में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) और अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना के साथ ही उत्तरकाशी से तिलवाड़ा तक के महत्वपूर्ण मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की दिशा में उम्मीदें बढ़ गई हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इन तीनों परियोजनाओं को लेकर केंद्र सरकार से अनुरोध किया था। सीएम के प्रस्तावों पर केंद्रीय मंत्रियों की ओर से पत्र भेजकर आगे की प्रक्रिया और विचार का भरोसा दिया गया है। इन संस्थानों की स्थापना होने से प्रदेश में उच्च शिक्षा, शोध और आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उत्तराखंड में स्थापित हो सकता है IISER
प्रदेश में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) खोलने के प्रस्ताव पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहले से ही आईआईटी रुड़की, एनआईटी श्रीनगर, एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय और आईआईएम काशीपुर जैसे प्रमुख संस्थान संचालित हैं। केंद्र सरकार राज्य के साथ मिलकर इन संस्थानों के विस्तार और उन्हें राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। IISER की स्थापना से प्रदेश में विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
खुरपिया फार्म में खुलेगा अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान?
ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) स्थापित करने का प्रस्ताव भी केंद्र के पास पहुंच चुका है। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने जानकारी दी है कि बजट 2026 में देश में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने की घोषणा की गई थी। इसके बाद कैबिनेट सचिवालय की ओर से सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से प्रस्ताव मांगे गए। उत्तराखंड ने भी इस संबंध में अपना प्रस्ताव भेजा है। अब निर्धारित प्रक्रिया और तय मानकों के आधार पर इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
उत्तरकाशी से तिलवाड़ा तक का मार्ग बनेगा राष्ट्रीय राजमार्ग
सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए सीएम धामी ने उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की मांग की थी। इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 2,282 किलोमीटर से बढ़कर 3,670 किलोमीटर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की नीति को अंतिम रूप दिए जाने के बाद उत्तराखंड के इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। तीनों प्रस्तावों को लेकर केंद्र की ओर से मिले सकारात्मक जवाब के बाद प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं बनती नजर आ रही हैं। हालांकि, फिलहाल IISER और AIIA की स्थापना तथा प्रस्तावित सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की प्रक्रिया पर अंतिम निर्णय होना बाकी है।

More Stories
पढ़ाई ने जगाई नई उम्मीद, सुनहरे भविष्य के सपने संजो रहीं बालिकाएं..
उत्तराखंड के रुद्रपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया मान, हिमालयी राज्यों में बना नंबर वन..
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा के निधन से देहरादून में शोक, लेह में निभा रहे थे सैन्य ड्यूटी..