October 19, 2024

जानिए दिवाली के 11 दिन बाद क्यों मनायी जाती हैं इगास बग्वाल..

जानिए दिवाली के 11 दिन बाद क्यों मनायी जाती हैं इगास बग्वाल..

 

उत्तराखंड: देवभूमि उत्तराखंड में दीपावली के 11 दिन बाद भी दिपावली का त्यौहार मनाया जाता है। ये दीपावली गढ़वाल में मनाई जाती है और इसे इगास बग्वाल कहा जाता है। इगास का त्यौहार गढ़वाल में धूमधाम से मनाया जाता है। इगास के त्यौहार से वीर माधो सिंह भंडारी की कहानी जुड़ी है। कहा जाता है कि एक बार गढ़वाल के राजा महिपति शाह ने अपने सेनापति माधो सिंह भंडारी को तिब्बत के राजा से युद्ध करने भेजा। माधोसिंह अपने दल बल समेत तिब्बत के राजा से युद्ध करने चले गए। माधोसिंह ने युद्ध तो जीत लिया लेकिन इसकी सूचना गढ़वाल रियासत तक नहीं पहुंच पाई और दीपावली आ गई। दीपावली तक कोई सूचना ना मिलने के कारण अफवाहें फैल गई कि गढ़वाली सेना युद्ध में मारी गई। राजा ने भी मान लिया और ऐलान कर दिया कि कोई भी रियासत में दिपावली नहीं मनाएगा।

दीपावली के 11 दिन बाद पहुंचे युद्ध जीतकर..
शोक में डूबे गढ़वाल में दीपावली नहीं मनाई गई। शोक में डूबे पूरे गढ़वाल के लोगों में खुशी की लहर तब आई जब सूचना मिली की तिब्बत युद्ध में माधो सिंह भंडारी की जीत हुई है और वो जल्द ही सेना के साथ श्रीनगर पहुंच जाएंगे। जिसके बाद राजा ने ऐलान करवाया कि अब दीपावली तभी मनाई जाएगी जब माधो सिंह भंडारी श्रीनगर पहुंचेंगे। दीपावली के 11 दिन बाद उन्होंने श्रीनगर में कदम रखा और इस दिन सारी रियासत को दुल्हन की तरह सजाया गया और रियासत में दीपावली मनायी गई। तभी से गढ़वाल में इगास बग्वाल की शुरूआत हुई।

गढ़वाल में देर से मिली थी राम के अयोध्या लौटने की सूचना..
एक मान्यता के अनुसार ये भी कहा जाता है कि गढ़वाल में भगवान राम के अयोध्या लौटने की खबर 11 दिन बाद मिली थी। इसलिए यहां पर ग्यारह दिन बाद दीवाली मनाई जाती है। आपको बता दें कि इगास बग्वाल की एकादशी को देव प्रबोधनी एकादशी, ग्यारस का त्यौहार और देवउठनी एकादशी भी कहा जाता है।

इगास बग्वाल को खेला जाता है भैला..
इगास के त्यौहार के दिन और चौथी बग्वाल के दिन भैला खेलने का खास रिवाज है। अगर आप पहाड़ों के आंचल से ताल्लुक रखते हैं तो आपने अंधेरे में पहाड़ों को जगमगा देने वाली ये रोशनी जरूर देखी होंगी। पहाड़ों पर इगास बग्वाल के दिन आतिशबाजी नहीं होती बल्कि इस दिन सभी भैला खेलते हैं।