June 27, 2025

केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा का पहला चरण संपन्न, अब सितंबर में फिर भरेंगी उड़ानें..

केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा का पहला चरण संपन्न, अब सितंबर में फिर भरेंगी उड़ानें..

 

 

उत्तराखंड: केदारनाथ धाम के लिए हेलिकॉप्टर सेवा संचालित करने वाली सभी छह हेली कंपनियां रविवार को अपने सात हेलिकॉप्टरों के साथ केदारघाटी से वापस लौट गई हैं। यह निर्णय क्षेत्र में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लिया गया है। अब यह सेवा यात्रा के तीसरे चरण में, यानी सितंबर में मानसून के समाप्त होने के बाद दोबारा शुरू की जाएगी। बता दे कि 17 जून से मौसम खराब होने के कारण हेलिकॉप्टर सेवाएं लगातार पांच दिनों तक बाधित रहीं। इस अवधि में हजारों श्रद्धालुओं को हेलिपैड पर फंसे रहना पड़ा, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उड़ानों की अनिश्चितता के कारण कई यात्रियों को यात्रा स्थगित करनी पड़ी या वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। यात्रा के तीसरे चरण में जब मानसून का प्रभाव कम हो जाएगा (आमतौर पर सितंबर में) तब हेलिकॉप्टर सेवाएं फिर से बहाल की जाएंगी। प्रशासन की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय मौसम विभाग की चेतावनियों और हेलीकॉप्टर सेवा की स्थिति की जानकारी पहले से ले लें।

इस वर्ष 2 मई से शुरू हुई केदारनाथ धाम यात्रा में हेलिकॉप्टर सेवाएं संचालन को लेकर कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इस यात्रा के लिए आठ हेली कंपनियों को नौ हेलिकॉप्टरों के साथ उड़ान की अनुमति दी थी, लेकिन खराब मौसम और अन्य बाधाओं के कारण यह चरण बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। यात्रा के पहले चरण में, यानी 2 मई से 21 जून तक, कुल 13,304 टिकट रद्द किए गए। इसका सीधा असर हेली कंपनियों के राजस्व पर पड़ा और उन्हें लगभग 8.65 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान झेलना पड़ा। यात्रा के शुरुआती चरण में 2 से 16 मई के बीच मौसम लगातार खराब रहा। साथ ही भारत-पाकिस्तान के बीच उपजे तनाव के चलते सुरक्षा कारणों से भी उड़ानों में बाधा आई। इन परिस्थितियों में 1,638 टिकट रद्द करने पड़े।

हेलिकॉप्टर ऑपरेटरों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा सीजन

हालांकि यात्रा के लिए बड़े पैमाने पर श्रद्धालु पंजीकरण करा रहे थे, लेकिन मौसम की अनिश्चितता,हेलिपैड्स पर इंफ्रास्ट्रक्चर की सीमाएं और सुरक्षा कारणों ने हेलिकॉप्टर सेवाओं की नियमितता पर गहरा असर डाला। अब जबकि मानसून के चलते हेली सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई हैं, कंपनियां सितंबर में यात्रा के तीसरे चरण में संचालन दोबारा शुरू करने की उम्मीद कर रही हैं। तब तक प्रशासन और कंपनियां व्यवस्थाओं को और बेहतर करने की दिशा में कार्य कर रही हैं।

यात्रा के पहले चरण के समापन और मानसून की सक्रियता को देखते हुए सभी हेली कंपनियां अब घाटी से लौट गई हैं। इसकी पुष्टि केदारनाथ हेलीकॉप्टर सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने की है। राहुल चौबे का कहना हैं कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी हेलीकॉप्टर कंपनियों ने अस्थायी रूप से सेवाएं बंद कर दी हैं। अब ये सेवाएं सितंबर में ही दोबारा शुरू होंगी, जब मानसून खत्म हो जाएगा और मौसम अनुकूल होगा। इससे पहले 17 से 21 जून तक खराब मौसम के चलते उड़ानें बाधित रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। घाटी में फंसे श्रद्धालुओं को ज़मीन मार्ग से ही लौटना पड़ा।