June 2, 2025

8 अप्रैल से शुरू होगी केदारनाथ धाम के लिए हेली बुकिंग..

8 अप्रैल से शुरू होगी केदारनाथ धाम के लिए हेली बुकिंग..

 

 

उत्तराखंड: केदारनाथ धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग 8 अप्रैल से शुरू हो रही है, जिससे श्रद्धालु आसानी से अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) व इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज़्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। बुकिंग के लिए IRCTC जल्द वेबसाइट का लिंक जारी करेगा।

केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 2 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसी दिन से गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से केदारनाथ के लिए हेली सेवा का संचालन भी प्रारंभ हो जाएगा। हेली टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए IRCTC (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन) द्वारा 8 अप्रैल को पोर्टल खोला जाएगा। हेली सेवा की तैयारी उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) और IRCTC द्वारा पूरी कर ली गई है। हेली सेवा केवल उन्हीं यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी, जिन्होंने यात्रा के लिए पंजीकरण करवा रखा होगा क्योंकि हेली टिकट की बुकिंग के लिए यात्रा पंजीकरण होना अनिवार्य है। इसके बिना हेली टिकट बुक नहीं किया जा सकेगा।

इस बार पांच प्रतिशत बढ़ा किराया

UCADA की सीईओ सोनिका का कहना हैं कि इस बार हेली सेवा का संचालन वन हंस, हिमालयन हेली, ट्रांस भारत, ग्लोबल विक्ट्रा, थंबी एविएशन, केस्ट्रल एविएशन, एयरो एयरक्राफ्ट के माध्यम से किया जाएगा। इन सभी कंपनियों के साथ तीन साल का अनुबंध किया गया है। इस वर्ष हेली सेवा के किराए में 5% की वृद्धि की गई है।

केदारनाथ हेली सेवा का किराया
रूट                            वर्ष 2025
सिरसी से केदारनाथ     6061
फाटा से केदारनाथ      6063
गुप्तकाशी से केदारनाथ    8533