
महिलाओं के स्वास्थ्य पर फोकस, उत्तराखंड में 2 अक्टूबर तक चलेगा विशेष मेडिकल शिविर अभियान..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में बुधवार से “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान” की शुरुआत हो गई। दून मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने किया। उन्होंने प्रदेश की सभी महिलाओं से अपील की कि वे मिशन मोड में इस अभियान से जुड़ें और अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की खुशहाली और प्रगति के लिए महिलाओं का स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की नींव है। राज्यभर में इस अभियान के अंतर्गत बुधवार से ही महिला स्वास्थ्य जांच शिविरों की शुरुआत हो गई है। इन शिविरों में महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, परामर्श और जरूरी परीक्षण निःशुल्क किए जा रहे हैं। महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक महिला तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाई जाएंगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, स्वास्थ्यकर्मियों और छात्राओं ने भाग लिया। मौके पर अधिकारियों ने कहा कि अभियान के दौरान महिलाओं को एनीमिया, स्तन कैंसर, हड्डियों की बीमारी और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की जांच के लिए विशेष परीक्षण की सुविधा दी जाएगी।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि ये शिविर आगामी 2 अक्टूबर तक लगातार आयोजित किए जाएंगे, जिनका लाभ हर आयु वर्ग की महिलाओं और किशोरियों को मिलेगा। रेखा आर्य ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और अवश्य अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराएं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं स्वस्थ होंगी, तभी परिवार मजबूत होगा और प्रदेश की उत्पादकता तथा प्रगति भी बढ़ेगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि शिविरों में महिलाओं को एनीमिया, हड्डियों से जुड़ी बीमारियाँ, स्तन कैंसर और अन्य गंभीर रोगों की जांच और परामर्श की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम गांव–गांव और शहर–शहर पहुंचकर महिलाओं को जांच और उपचार की सुविधाएं मुहैया कराएगी। रेखा आर्य ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और यह अभियान उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की महिलाएं इस अभियान से जुड़कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाएंगी और आने वाले समय में उत्तराखंड को एक सशक्त राज्य बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों और स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों और महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की गुणवत्ता व उपयोगिता की सराहना की और उनके उत्साहवर्धन के लिए विशेष तौर पर प्रोत्साहित किया। साथ ही नई किस्म की नगदी फसल उगाने वाले कई किसानों से बातचीत कर उनके अनुभवों को जाना। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के किसान नवाचार और आधुनिक तकनीक को अपनाकर राज्य की कृषि को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने महिला समूहों और शिल्पकारों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की भी जानकारी ली और कहा कि इन उत्पादों में न केवल गुणवत्ता है, बल्कि बाजार में प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता भी है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार ऐसे उत्पादों को राज्य से बाहर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए पूरा सहयोग करेगी। रेखा आर्य ने कहा कि महिलाओं और किसानों का योगदान उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता की रीढ़ है। उन्होंने उपस्थित महिला समूहों से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर बनने के लिए अपने हुनर को बड़े स्तर पर ले जाएं और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ें।
More Stories
उत्तराखंड में कृषि विकास को लेकर सचिवालय में राज्य स्तरीय बैठक, कई महत्वपूर्ण निर्णय
नंदानगर आपदा- बादल फटने से छह मकान ढहे, सात लोग लापता, राहत-बचाव कार्य जारी..
सीएम धामी ने शिल्प रत्न पुरस्कार विजेताओं को किया सम्मानित, बोले शिल्पकार राज्य की पहचान..