सेमलता-कफना मोटरमार्ग कटिंग से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त..
रुद्रप्रयाग। भरदार क्षेत्र के अन्तर्गत निर्माणाधीन सेमलता-कफना-सतनी मोटरमार्ग से कफना गांव में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को ठीक नहीं किया जा रहा है, जिससे पिछले एक वर्ष से ग्रामीणों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। साथ ही प्राथमिक विद्यालय का कीचन भी खतरे की जद में आ गया है। ऐसे में ग्रामीणों में शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग के प्रति खासा रोष बना हुआ है।
जखोली ब्लाॅक के प्रधान संगठन अध्यक्ष कपिल सिंह राणा ने डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि पिछले दो वर्षो से निर्माणाधीन सेमलता-कफना-सतनी-डुंगरा मोटरमार्ग कटिंग का कार्य चल रहा है।
जिससे कफना गांव को जाने वाली पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई है। ऐसे में पिछले एक वर्ष से गांव के 80 परिवारों को पानी की बूंद बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। ग्रामीणों को पीने के साथ ही अपने मवेशियों को पानी जुटाना काफी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने ठेकेदार पर मनमानी करने का आरोप भी लगाया है। यहीं नहीं गांव के कई आवासीय भवन, गौशाला एवं प्राथमिक विद्यालय का कीचन भी खतरे की जद में आ गया है।
कहा कि गत 11 जुलाई को बीडीसी बैठक में इस मुददे को प्रमुखता से उठाया गया था। पीएमजीएसवाई ईई को एक सप्ताह के भीतर गांव में जाने के लिए निर्देशित किया गया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। हालांकि पीएमजीएसवाई ने गांव में 26 जुलाई को बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कोई कार्रवाई नहीं होती है तो उन्हें मजबूरन आंदोलन के लिए बाध्य होना पडे़गा।

More Stories
251 करोड़ रुपये का सॉफ्टवेयर निर्यात, देहरादून में स्टार्टअप को मजबूत करने की पहल..
पंतनगर एयरपोर्ट पर बनेगा नया टर्मिनल..
राष्ट्रीय खेलों में नया कीर्तिमान बनाने की उम्मीद, तैयारियों के लिए विभागीय बैठक का इंतजार..