कर्मचारियों को धामी सरकार का तोहफ़ा, निकाय और उपक्रम कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा..
उत्तराखंड: उत्तराखंड की धामी सरकार ने सार्वजनिक निकायों और उपक्रमों में कार्यरत कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का तोहफ़ा दिया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इसके अनुमोदन पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पांचवें केंद्रीय वेतनमान के तहत सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता 455 प्रतिशत से बढ़ाकर 466 प्रतिशत कर दिया गया है। यह बढ़ोतरी एक जनवरी 2025 से लागू मानी जाएगी। वहीं छठे केंद्रीय वेतनमान के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 246 प्रतिशत से बढ़ाकर 252 प्रतिशत कर दिया गया है। यह संशोधन भी एक जनवरी 2025 से प्रभावी होगा। सरकार के इस कदम से हजारों कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि महंगाई भत्ते में यह वृद्धि कर्मचारियों को राहत देने के साथ-साथ उनकी क्रय शक्ति को भी मजबूत करेगी। ध्यान देने वाली बात यह है कि राज्य सरकार समय-समय पर केंद्र सरकार की तर्ज पर अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ देती रही है। इस निर्णय से कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है और इसे चुनावी साल से पहले सरकार की बड़ी सौगात के रूप में भी देखा जा रहा है।
सरकार का यह कदम बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और स्थानीय जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अहम माना जा रहा है। सीएम धामी ने निर्माणाधीन जिला कारागार पिथौरागढ़ में अतिरिक्त आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 417.72 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही उपकारागार रुड़की में नवीन अतिरिक्त आवासीय भवनों के निर्माण हेतु 251.49 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। सीमा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी सीएम ने बड़ा फैसला लिया है। धारचूला विधानसभा क्षेत्र के रालम अंतर्गत किलातम में चैकडैम निर्माण के लिए 95.49 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह परियोजना स्थानीय स्तर पर जल संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव में सहायक होगी। इसके साथ ही चंपावत विधानसभा क्षेत्र में हनुमान मंदिर मेला स्थल लधौली ऐड़ी मेला स्थल, कालूखाण एवं फुटलिंग कालूखाण के सौंदर्यीकरण के लिए 81.50 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि पर्यटन को भी गति मिलेगी। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय विकास को नया आयाम मिलेगा और आमजन को प्रत्यक्ष लाभ होगा। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

More Stories
251 करोड़ रुपये का सॉफ्टवेयर निर्यात, देहरादून में स्टार्टअप को मजबूत करने की पहल..
पंतनगर एयरपोर्ट पर बनेगा नया टर्मिनल..
राष्ट्रीय खेलों में नया कीर्तिमान बनाने की उम्मीद, तैयारियों के लिए विभागीय बैठक का इंतजार..