केदारनाथ मार्ग पर लिंनचोली में मलबे में दबे मिले तीन शव, शिनाख्त करने में जुटी पुलिस..
उत्तराखंड: केदारनाथ पैदल मार्ग पर 31 जुलाई की रात आई आपदा के बाद से लगातार सर्च अभियान जारी हैं। इसके साथ ही पैदल मार्ग को दुरुस्त करने का कार्य भी किया जा रहा है। वहीं गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर लिनचोली में सर्च अभियान के तहत 15 अगस्त की देर शाम को तीन शव मिले हैं। मलबा हटाते समय मजदूरों को कुछ शव दिखाई दिए। जिसके बाद इसकी सूचना एसडीआरएफ को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने शव को निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया। शुक्रवार यानी आज शवों की शिनाख्त होने की उम्मीद है। इसके उपरांत शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय लाया जाएगा।
आपको बता दें कि बीते 31 जुलाई को केदारनाथ पैदल मार्ग पर अतिवृष्टि से हजारों यात्री विभिन्न स्थानों पर फंस गए थे। रेस्क्यू के दौरान पैदल मार्ग से केदारनाथ तक 12 हजार 900 से अधिक यात्री और स्थानीय लोगों को रेस्क्यू किया गया था। साथ ही तीन शव भी बरामद किए गए थे। अब, 15 दिन बाद लिनचोली में मलबे से तीन और शव बरामद हुए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार का कहना हैं कि तीन शव देर शाम को बरामद हुए थे। आज शवों को लेकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संभावना जताई कि क्षेत्र में अभी और शव मिल सकते हैं।

More Stories
प्रदेश के 206 मदरसों में साप्ताहिक अवकाश के नियम बदलेंगे..
आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं..
पुलिसकर्मियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं..