September 20, 2024

HNN MEDIA

हर खबर की सच्चाई

सीएम धामी ने मुंबई में किये 30,200 करोड़ रुपए के एमओयू साइन..

सीएम धामी ने मुंबई में किये 30,200 करोड़ रुपए के एमओयू साइन..

 

उत्तराखंड: ग्लोबल इन्वेस्टर सम्मिट 2023 के मुंबई में भव्य रोड शो का आयोजन किया गया जिसमें सीएम धामी ने भी प्रतिभाग किया। जिसमें लगभग 30,200 करोड़ रुपए के एमओयू किए गए। सोमवार को उत्तराखंड सरकार तथा राज्य में निवेश हेतु उत्साहित विभिन्न क्षेत्रों के उद्योग समूहों के मध्य मुंबई रोड शो में 30200 करोड़ के एमओयू किए गए हैं। जिन बड़ी कंपनियों से एमओयू किए गए उनमें से कुछ प्रमुख है, इमेजिका ( थीम पार्क) आत्मन्तन:(रिजॉर्ट), एसीएमई (सौर सेल विनिर्माण), CTRLs (डेटा सेंटर) पर्फ़ेटी(नवीकरणीय ऊर्जा), लॉसंग अमेरिका (आईटी), क्रोमा एटोर, क्लीन मैक्स एनवाइरो (नवीकरणीय ऊर्जा) , साइनस (हेल्थ केयर) इसके साथ ही कुछ अन्य महत्वपूर्ण फर्मों जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स, गोदरेज केमिकल्स, एस्टार भोजन, वी अर्जुन लॉजिस्टिक्स पार्क से बातचीत हुई।

रोड शो से अब तक 1.24 लाख करोड़ रुपए से अधिक के एमओयू..

सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अब तक देश से बाहर लंदन, बर्मिघम, अबुधाबी, दुबई में चार इंटरनेशनल रोड शो हो चुके हैं। जबकि देशभर में प्रदेश सरकार दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और मुंबई में रोड शो कर चुकी है। बीते 14 सितंबर और चार अक्टूबर को धामी सरकार दिल्ली में 26575 करोड़, 26 और 27 सितंबर को ब्रिटेन में 12500 करोड़, 17 और 18 अक्टूबर को यूएई में 15475 करोड़ के निवेश का करार कर चुकी है।

इसके अलावा 26 अक्टूबर को चेन्नई में 10150 करोड़, 28 अक्टूबर को बेंगलुरु में 4600 करोड़ और 1 नवंबर को अहमदाबाद में 24000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव का करार हुआ है। अब मुंबई रोड शो में 30200 करोड़ रुपए के एमओयू किए गए हैं।

निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्ट समिट के लिए किया आमंत्रित..

सीएम धामी ने सोमवार को मुम्बई में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट हेतु आयोजित रोड शो में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश के प्रमुख उद्योग समूहों के साथ बैठक कर उत्तराखण्ड में निवेश की सम्भावनओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री धामी ने सभी निवेशकों को आगामी 8-9 दिसम्बर को आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्ट समिट हेतु आमत्रित भी किया।

मुंबई देश की आर्थिक और उत्तराखंड आध्यात्मिक राजधानी..

सीएम धामी का कहना हैं कि मुंबई देश की आर्थिक राजाधानी ही नहीं बल्कि यह भारत के विकास की अनूठी कहानी का एक प्रमुख भाग है। जहां मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है तो वहीं उत्तराखंड देश की आध्यात्मिक राजधानी है। इसलिए इन दोनों के बीच परस्पर समन्वय एवं साझेदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, विशेषकर मुंबई और उत्तराखंड एक दूसरे के पूरक हैं। किसी भी राष्ट्र के विकास के लिए जहां आधुनिक तकनीक तथा प्रबंधकीय कौशल आवश्यक है। वहीं आध्यात्मिक शक्ति एवं शांति भी अत्यंत आवश्यक है। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड ने भी अपनी जीएसडीपी को आगामी पांच सालों में दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।