
विधि-विधान से खुले केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट..
उत्तराखंड: केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा शुरू हो गयी हैं। आज विधि-विधान से सुबह सात बजे पहले केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले गए। इस दौरान हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। हजारों श्रद्धालुओं के जयकारों के साथ बाबा केदार की पंचमुखी डोली केदारनाथ पहुंची है। वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं।
कल देर शाम तक 16 हजार से अधिक श्रद्धालु भी पहले दिन बाबा केदार के दर्शन के लिए केदारपुरी पहुंच गए थे। आज सुबह केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद यमुनोत्री धाम के कपाट भी सुबह 10.29 बजे श्रद्धालुाओं के लिए खोल दिए गए हैं। अब गंगोत्री धाम के कपाट 12.25 बजे खुलेंगे। वहीं बद्रीनाथ धाम के कपाट 12 मई को सुबह छह बजे खुलेंगे।
गुरुवार सुबह बाबा केदार की पंचमुखी डोली गौरीकुंड से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई। अपराह्न तीन बजे केदारनाथ धाम पहुंची। बाबा केदार की डोली के साथ हजारों श्रद्धालुओं भी केदारपुरी पहुंच गए। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों और सेना के बैंड की धुन से केदारनाथ धाम गूंज उठा। बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने पंचमुखी डोली के केदारनाथ धाम में पहुंचने पर अगवानी की।
भव्य रूप से सजाए गए मंदिर..
केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। केदारनाथ मंदिर को 20 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया है। धाम में दर्शन के लिए इस बार श्रद्धालु आस्था पथ से जाएंगे। आस्था पथ पर बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था है। साथ ही बारिश व बर्फबारी से बचने के लिए रेन शेल्टर बनाया गया।
More Stories
रुद्रप्रयाग में डेढ़ लाख की स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार, ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान को मिली सफलता
टीएचडीसी संभालेगा टिहरी बांध प्रभावितों का पुनर्वास, आवासीय और कृषि भूखंड होंगे विकसित
स्टार्टअप्स को नई उड़ान देगी धामी सरकार, 200 करोड़ का वेंचर फंड स्थापित..