21 फरवरी को श्रीनगर पहुंचेंगे सीडीएस जनरल अनिल चौहान..
उत्तराखंड: भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान के आगामी 21 फरवरी को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय आगमन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सीडीएस जनरल अनिल चौहान अपने प्रस्तावित दौरे के दौरान विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, संवादात्मक और औपचारिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। उनके इस दौरे को विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक अवसर के रूप में देखा जा रहा है। सीडीएस के आगमन की तैयारियों की समीक्षा और कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो० प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं, प्रोटोकॉल, सुरक्षा व्यवस्था, अतिथि स्वागत, मंच संचालन और समन्वय से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कुलपति प्रो० प्रकाश सिंह ने बैठक के दौरान कहा कि सीडीएस का विश्वविद्यालय आगमन छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और सुव्यवस्थित तरीके से किया जाए, ताकि विश्वविद्यालय की सकारात्मक छवि प्रस्तुत हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम के सुचारु एवं सफल संचालन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा। इन समितियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें कार्यक्रम समन्वय, मंच व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, आवास, भोजन, तकनीकी व्यवस्था और मीडिया समन्वय शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएंगी। बैठक में कार्यक्रम समन्वयक प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट, कुलसचिव अनीस-उज-जमान, वित्त अधिकारी प्रो. एनएस पंवार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसांई, चीफ प्रॉक्टर प्रो. दीपक कुमार, उपकुलसचिव (वित्त) डॉ. संजय ध्यानी, इंचार्ज अधिशासी अभियंता प्रो. बृजेश गांगिल, जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा, सहायक कुलसचिव (प्रशासन) सूर्य प्रकाश बादल सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि सीडीएस जनरल अनिल चौहान का यह दौरा छात्रों के लिए राष्ट्रसेवा, नेतृत्व, अनुशासन और रक्षा क्षेत्र में करियर की संभावनाओं को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ संवाद और मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए जाने की संभावना है। प्रशासन का कहना है कि सीडीएस के आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं और विश्वविद्यालय इस कार्यक्रम के माध्यम से एक सकारात्मक संदेश देना चाहता है।

More Stories
उत्तराखंड में समय से पहले विधानसभा चुनाव की अटकलें, सियासी पारा चढ़ा..
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से बढ़ी मुश्किलें, 2028 तक टीईटी पास करना होगा अनिवार्य..
पौड़ी में सीएम धामी की बड़ी सौगात, विज्ञान संग्रहालय समेत 19 विकास योजनाओं का शुभारंभ..