खटीमा में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से भाई बहन की मौत..
उत्तराखंड: उधमसिंह नगर जनपद के सीमांत खटीमा क्षेत्र में आज सुबह से हो रही बरसात ने जहां किसानों को राहत देने का काम किया है, वहीं इसके चलते एक दुखद हादसा भी हुआ है। बरसात के बीच आकाशीय बिजली गिरने से अपने खेत में धान की रोपाई लगा रहे भाई बहन की मौत हो गई। खटीमा तहसील क्षेत्र के सैजना गांव में 22 वर्षीय सुहावनी राणा अपने भाई 19 वर्षीय सुमित सिंह के साथ अपने खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। बताया जाता है कि इसी दौरान अचानक उनके ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे वे दोनों खेत में ही मूर्छित हो गए। पास में काम कर रहे परिजनों के द्वारा उन्हें आनन फानन में खटीमा के उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां पर ड्यूटी पर मौजूद डॉ. निशिकांत ने जांच उपरांत दोनों भाई बहनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। वहीं सैजना गांव में शोक की लहर छा गई है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी।

More Stories
7844 करोड़ के अनुपूरक बजट में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता..
चमोली में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, 12 योजनाओं पर 231.91 करोड़ रुपये होंगे खर्च..
देहरादून में जिम्नास्टिक चैंपियनशिप, बेटियों ने बिखेरा जलवा..