मिशन मोड में जुटें भाजपा कार्यकर्ता, प्रकोष्ठों की भूमिका पर सीएम धामी का बड़ा संदेश..
उत्तराखंड: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण बैठक में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने संगठन को देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि अब समय है कि पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ सरकार और समाज के बीच एक मजबूत कड़ी बनकर कार्य करें तथा जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। सीएम ने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि राष्ट्रहित और समाज सेवा की भावना के साथ कार्य करने वाली विचारधारा है। यही कारण है कि भाजपा के कार्यकर्ता चुनावी मौसम से इतर भी वर्षभर समाज के बीच सक्रिय रहते हैं और जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की सफलता के पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और जनता के प्रति समर्पण की भावना प्रमुख आधार रही है।
बैठक में सीएम ने विभिन्न प्रकोष्ठों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि चिकित्सा, सहकारिता, सांस्कृतिक, खेल, पर्यटन, व्यवसायिक और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों से जुड़े प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन प्रकोष्ठों के माध्यम से पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों में मूलभूत अंतर यह है कि भाजपा सत्ता को सेवा का माध्यम मानती है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के सुख-दुख में सहभागी बनकर कार्य करता है। यही सोच भाजपा को अन्य दलों से अलग पहचान प्रदान करती है।
सीएम धामी ने उत्तराखंड की भौगोलिक चुनौतियों का उल्लेख करते हुए आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की भूमिका को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राज्य प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए आपदा प्रबंधन को लेकर संगठन को और अधिक सक्रिय होने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रकोष्ठ पदाधिकारियों से ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित युवाओं की टीमें तैयार करने का आह्वान किया, जो किसी भी आपदा की स्थिति में सबसे पहले राहत और बचाव कार्यों में जुट सकें। उन्होंने कहा कि जनता को यह भरोसा होना चाहिए कि संकट के समय भाजपा कार्यकर्ता सबसे पहले उनकी मदद के लिए पहुंचेंगे।
महिला सशक्तिकरण के विषय पर सीएम ने स्वयं सहायता समूहों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की लाखों महिलाएं इन समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित ‘लखपति दीदी’ अभियान ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से महिला समूहों तक पहुंचकर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
पर्यटन क्षेत्र पर चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य को वैश्विक आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। चारधाम यात्रा, आदि कैलाश और अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर बढ़ती श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या राज्य में विकसित हो रही आधारभूत सुविधाओं और बेहतर व्यवस्थाओं का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि पार्टी के पर्यटन प्रकोष्ठ को स्थानीय युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इससे युवाओं को नए अवसर मिलेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की रीढ़ हैं और समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों से संगठनात्मक विस्तार को गति देने, मंडल स्तर तक टीमों का गठन शीघ्र पूरा करने और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न प्रकोष्ठों की कार्ययोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर विकास और जनकल्याण के संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।

More Stories
उपभोक्ता आयोग ने दिखाई सख्ती, बीमा कंपनी को बीमा राशि समेत देना होगा मुआवजा..
मानसून के दौरान राशन संकट नहीं, सरकार ने पहाड़ों में पहुंचाया तीन महीने का खाद्यान्न..
आपदा अलर्ट के लिए बड़ी राहत, उत्तराखंड में सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम पर लगी रोक हटी..