लोअर PCS-2024 में आयुष बेलवाल का शानदार प्रदर्शन, हासिल किया पहला स्थान..
उत्तराखंड: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने लोअर पीसीएस परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। शुक्रवार को घोषित किए गए परिणाम में देहरादून के आयुष बेलवाल ने पहला स्थान हासिल किया। जसपुर के बिक्रांत सिंह दूसरे और देहरादून की हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रहीं। परीक्षा के जरिए कुल 113 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए चयन हुआ है। आयोग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 13 दिसंबर 2024 को जारी विज्ञापन के साथ हुई थी। कुल 113 पदों के लिए प्रदेशभर से 88,688 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। प्रारंभिक परीक्षा 11 मई 2025 को आयोजित की गई, जिसमें 1,758 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर मुख्य परीक्षा के लिए जगह बनाई। इसके बाद 13 और 14 सितंबर को मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। मुख्य परीक्षा का परिणाम 27 मार्च को घोषित किया गया था, जिसमें 406 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चयनित हुए। अंतिम चरण में साक्षात्कार 27 जुलाई से तीन सितंबर के बीच आयोजित किए गए।
इन पदों पर हुआ चयन
अंतिम परिणाम में 113 अभ्यर्थियों को अलग-अलग विभागों में नियुक्ति के लिए चयनित किया गया है। इनमें नायब तहसीलदार के 36, उप कारापाल के 14 और पूर्ति निरीक्षक के 36 पद शामिल हैं। इसके अलावा छह विपणन निरीक्षक, पांच श्रम प्रवर्तन अधिकारी, पांच आबकारी निरीक्षक, दो ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, छह गन्ना विकास निरीक्षक और तीन खांडसारी निरीक्षक पदों के लिए भी अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
ये अभ्यर्थी रहे टॉप-10 में
लोअर पीसीएस परीक्षा-2024 की मेरिट में आयुष बेलवाल पहले स्थान पर रहे। उनके बाद बिक्रांत सिंह दूसरे और हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर हैं। टॉप-10 में लोहाघाट के अनिमेश पुनेठा चौथे, बागेश्वर के भूपेश सिंह नगरकोटि पांचवें और अल्मोड़ा के रोहन नाथ छठे स्थान पर रहे। रुद्रप्रयाग के लोकेश सिंह सजवाण ने सातवां, बागेश्वर के कार्तिक भट्ट ने आठवां, हल्द्वानी की करिश्मा मनकोटि ने नौवां और हल्द्वानी की प्रतीक्षा राज चौहान ने दसवां स्थान हासिल किया है। आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने कहा कि निर्धारित चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम परिणाम जारी किया गया है। अब चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

More Stories
टिहरी झील के आसपास विकसित होंगे नए टूरिज्म जोन..
बद्रीनाथ-केदारनाथ में अब मनमाना निर्माण नहीं, सरकार जारी करेगी नया शासनादेश..
शूटिंग डेस्टिनेशन से फिल्म निर्माण केंद्र की ओर बढ़ा उत्तराखंड, 1759 करोड़ का निवेश..