August 7, 2026

UKSSSC का बड़ा भर्ती अभियान, दिसंबर से पहले 2500 से ज्यादा पदों पर आवेदन होंगे शुरू..

UKSSSC का बड़ा भर्ती अभियान, दिसंबर से पहले 2500 से ज्यादा पदों पर आवेदन होंगे शुरू..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आने वाले कुछ महीने बेहद अहम साबित हो सकते हैं। राज्य सरकार दिसंबर से पहले विभिन्न विभागों में बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से करीब 2477 रिक्त पदों पर आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इसके साथ ही पहले से चल रही भर्ती प्रक्रियाओं को भी तेजी से पूरा करने की योजना बनाई गई है। ऐसे में वर्ष के अंत तक लगभग चार हजार सरकारी पदों की भर्ती प्रक्रिया महत्वपूर्ण चरण में पहुंचने की उम्मीद है। आयोग के अनुसार दिसंबर से पहले जिन पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा, उनमें कई महत्वपूर्ण विभागों की रिक्तियां शामिल हैं। इनमें स्केलर, कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग के पद, पुलिस, आबकारी एवं परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद, संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक और सहायक विकास अधिकारी जैसी भर्तियां प्रमुख हैं। इन सभी पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया निर्धारित समय के भीतर पूरी करने की तैयारी की जा रही है।

इधर, जिन भर्तियों के लिए पहले ही आवेदन लिए जा चुके हैं, उनकी लिखित परीक्षाओं का कार्यक्रम भी दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। आयोग के मुताबिक करीब 1470 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इनमें वैयक्तिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, विभिन्न विभागों के तकनीकी पद, सहायक लेखाकार, कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर के पद तथा स्नातक स्तरीय विभिन्न सेवाओं से संबंधित रिक्तियां शामिल हैं।उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया का कहना है कि आयोग निर्धारित समयसीमा के भीतर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक पदों पर समयबद्ध तरीके से चयन किया जा सके। राज्य सरकार का दावा है कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान 34 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। सरकार का यह भी कहना है कि वर्ष 2024 में लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून के बाद भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इसके चलते आवेदन से लेकर नियुक्ति तक की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और व्यवस्थित हुई है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया को गति मिलने से रोजगार का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। माना जा रहा है कि सरकार इन भर्तियों और नियुक्तियों को अपनी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में जनता के सामने रख सकती है। वहीं दूसरी ओर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए यह अवसर नई उम्मीद लेकर आया है, क्योंकि वर्ष के अंत तक हजारों पदों पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है।