March 14, 2025

नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक ने पुलिस प्रभारियों की ली परिचयात्मक बैठक..

नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक ने पुलिस प्रभारियों की ली परिचयात्मक बैठक..

नशे की रोकथाम के लिए एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं एसओजी की तय की जाए जिम्मेदारी..

 

 

 

रुद्रप्रयाग। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक डाॅ विशाखा अशोक भदाणे ने पुलिस कार्यालय में सलामी गार्द का मान प्रणाम स्वीकार किया। इसके बाद संबंधित प्रभारियों से मुखातिब होने के उपरान्त पुलिस कार्यालय सभागार में सभी पुलिस प्रभारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। उन्होंने बताया कि वे वर्ष 2018 की आईपीएस अफसर हैं और यहां आने से पूर्व जनपद हरिद्वार में सहायक पुलिस अधीक्षक तथा जनपद देहरादून में पुलिस अधीक्षक अपराध के दायित्वों का निर्वहन कर चुकी हैं।

उन्होंने बैठक में कहा कि जनपद में नियुक्त हरेक पुलिस कार्मिक के मनोबल को बढ़ाये जाने एवं उनके कल्याण को लेकर नियमित तौर पर कार्य किया जाएगा। उनकी हर समस्या का यथासंभव निराकरण किया जाएगा। जनपद के पर्यटक स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए जिले में पर्यटन पुलिस प्रशिक्षण प्राप्त किये कार्मिकों को प्रभावी बनाया जायेगा। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में कोई भी घटना होने पर तत्काल उन्हें अवगत कराते हुए त्वरित रिस्पान्स किया जाए। बाजार एवं कस्बों की यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए तथा पुलिस की दृश्यता (विजिबिलिटी) एवं सतर्कता (अलर्टनेस) होनी आवश्यक है। जनपद में नियुक्त कोई भी कार्मिक नशे की हालत में नहीं मिलना चाहिए।

ऐसे हालातों में न केवल संबंधित पुलिस कार्मिक के साथ ही संबंधित प्रभारी की जिम्मेदारी भी तय की जायेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के समय होने वाले साइबर फ्रॉड पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। इसके लिए अभी से ही जनजागरुकता कार्यक्रम के माध्यम से कार्यवाही की जाएगी। साथ ही जनपदीय सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से भी जनजागरुकता पोस्ट तैयार की जायेंगी। कहा कि अधीनस्थ कार्मिकों को साथ लेकर टीम भावना के साथ कार्य किया जायेगा।

जनपद में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन पुलिस में नियुक्त कार्मिकों का सदुपयोग किया जायेगा। आने वाले समय में आम जनमानस से जुड़ने के लिए जनपद के प्रत्येक थाने पर थाना दिवस का आयोजन किया जायेगा, जहां पर हर वर्ग के लोगों, सम्भ्रान्त व्यक्तियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का हरसंभव निराकरण किया जायेगा।

पीड़ित केन्द्रित पुलिसिंग के अनुरूप कार्य किया जायेगा। साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग पर भी जोर दिया जायेगा। महिलाओं के साथ होने वाले हरेक प्रकार के अपराध की रोकथाम के लिए कार्य योजना बनाकर जनजागरुकता के माध्यम से अपराधों की रोकथाम एवं कानूनी जानकारियां प्रदान की जायेंगी। साथ ही वर्तमान समय में विवेचनाधीन महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा कर विवेचकों को आवश्यक निर्देश दिए जायेंगे। जनपद में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी ली जायेगी। जिसके बाद नये स्थलों का भी चिन्हीकरण कर हाई रिजोल्यूशन कैमरे लगवाये जायेंगे।

स्थानीय व्यापार मण्डल से भी सीसीटीवी कैमरों को लगाये जाने के संबंध में वार्ता की जायेगी। किसी भी प्रकार के नशे की रोकथाम के लिए जनपदीय एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं एसओजी की जिम्मेदारी तय की जायेगी तथा स्थानीय जनमानस को नशे की प्रवृत्ति से रोके जाने को लेकर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। वर्तमान समय की सबसे बड़ी समस्या साइबर अपराध के कुचक्र को तोड़े जाने के लिए आम जनमानस को जागरुक करने के साथ ही साइबर अपराधों पर नकेल कसने में सार्थक प्रयास किये जायेंगे।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विमल रावत, पुलिस उपाधीक्षक आपरेशन्स हर्षवर्द्धनी सुमन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन गणेश लाल, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार अनुराधा डबराल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग जयपाल सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोनप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी, प्रभारी साइबर सेल देवेन्द्र सिंह असवाल, प्रभारी डीसीआरबी सदानन्द पोखरियाल, प्रभारी एएनटीएफ मनोज नेगी, वाचक पुलिस अधीक्षक सुबोध कुमार ममगाईं, आशुलिपिक एवं मीडिया सेल प्रभारी नरेन्द्र सिंह, प्रभारी महिला हेल्पलाइन ज्योति पंवार, उप निरीक्षक शिव प्रसाद, उपनिरीक्षक आशुतोष चौहान, उपनिरीक्षक ललित मोहन भट्ट उपस्थित थे।