February 7, 2026

नेपाल सीमा से सटे इलाके में बड़ा हादसा, बरातियों से भरी बस 150 मीटर गहरी खाई में गिरी..

नेपाल सीमा से सटे इलाके में बड़ा हादसा, बरातियों से भरी बस 150 मीटर गहरी खाई में गिरी..

 

 

उत्तराखंड: भारतीय सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रही बरातियों से भरी एक बस बैतडी से बजांग जाते समय अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बैतडी जिले की पुरचुंणी नगरपालिका के भवने गांव से दुल्हन को लेकर बरात बजांग जिले के सुनकुडा गांव जा रही थी।

शादी की खुशियों के बीच निकली यह यात्रा कुछ ही घंटों में दर्दनाक हादसे में बदल गई। जैसे ही बस पुरचुंणी क्षेत्र के बड़गांव मोड़ के पास पहुंची, चढ़ाई वाले रास्ते पर वाहन संतुलन खो बैठा और पीछे की ओर फिसलते हुए गहरी खाई में जा गिरा। पहाड़ी इलाके में हुई इस दुर्घटना की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस, नेपाल सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। अंधेरी रात, संकरी सड़क और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के बावजूद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। टॉर्च और मोबाइल की रोशनी में खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला गया। कई लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया। रात भर चले रेस्क्यू ऑपरेशन में दर्जनों लोगों की जान बचाई जा सकी।

जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि इस हादसे में छह बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों ने डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य घायलों की मौत कोटिला अस्पताल में हुई। मृतकों में 13 वर्षीय एक मासूम भी शामिल है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में बजांग और बैतडी जिलों के कई लोग शामिल हैं। मृतकों में केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी (35), विष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), मोहन देव भट्ट (60), केशव भट्ट (27), बसंत राज रतला (40), पुष्पा अवस्थी (40) और सुशील जोशी शामिल हैं। सभी मृतक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बस में सवार थे।

घायलों में से 25 बरातियों को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल बरातियों को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। अस्पतालों में घायलों के इलाज के लिए अतिरिक्त चिकित्सकीय व्यवस्था की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में क्षमता से अधिक बराती सवार थे। इसके अलावा पहाड़ी मार्ग पर तीखी चढ़ाई और ओवरलोड बस चढ़ाई पर नहीं चढ़ सकी और अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों में ग्रहण लगा दिया। शादी वाले घर और गांव में अब मातम पसर गया है और घरों से चीख-पुकार सुनाई दे रही है। स्थानीय प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।