September 20, 2024

HNN MEDIA

हर खबर की सच्चाई

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता की रुद्रप्रयाग में पत्रकार वार्ता..

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता की रुद्रप्रयाग में पत्रकार वार्ता..

भाजपा सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस बना रही रणनीति..

 

 

रुद्रप्रयाग। कांग्रेस को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कमर कस दी है। कांग्रेसियों को संगठित कर पार्टी संगठन को मजबूत करते हुए राज्य व केंद्र की भाजपा सरकार को घेरने के लिए रणनीतियां तैयार की जा रही हैं। वर्तमान में उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन 21 सांगठनिक जिलों सहित 225 ब्लॉक व नगर कांग्रेस कमेटी को सक्रिय किया जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष के नेतृत्व में मजबूत संगठन के ढांचे की तैयारी जोरों पर चल रही है, जिसमें पार्टी के सभी वर्गों से जुड़े कार्यकर्ताओं को कार्य करने का मौका मिलना तय है।

रुद्रप्रयाग में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सूरज ने कहा कि पार्टी हाईकमान की ओर से लंबे समय से पार्टी को मजबूत करने को लेकर रणनीति बनाई जा रही है, जो अब धरातल पर नजर आती दिखाई देगी। पार्टी अध्यक्ष करण मेहरा को कमान मिलने के बाद राज्य भर से कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए पार्टी हाईकमान का आभार जताया है। माहरा ने बिना रुके और बिना समय गवाएं पार्टी में जान फूंकने के लिए राज्य का तूफानी दौरा किया और कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली है। पार्टी की आगे की रणनीति को तैयार करना शुरू किया।

साथ ही उन्होंने अपने दौरे में सभी कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता धैर्य रखें और राज्य में स्थापित हो चुकी एक जनविरोधी सरकार की काले कारनामों को बेनकाब करने के लिए तन मन से जुड़ जाएं। नेगी ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कार्यकर्ताओं से कहा गया कि कांग्रेस की प्रमुख प्राथमिकताओं में महंगाई, बेरोजगारी, राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था, लचर प्रशासनिक तंत्र, भाई भतीजावाद, किसानों की समस्याएं को नजरअंदाज करने वाली सरकार को चैन से नहीं रहने दिया जाएगा।

कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को किसी भी प्रकार से ना छोड़े। स्थानीय स्तर पर होने वाली खामियों को भी समय-समय पर उजागर करते रहें। इस मौके पर ऊखीमठ के पूर्व ब्लाॅक प्रमुख संतलाल, जिला प्रवक्ता नरेन्द्र बिष्ट, अखिल भारतीय पंचायत परिषद के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह रावत, प्रदेश कांग्रेस सचिव लक्ष्मण सिंह रावत, सभासद संतोष रावत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत डोभाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राय सिंह बिष्ट, बलवीर सिंह नेगी, जसपाल भारती, महावीर सिंह पंवार, दीपक भंडारी आदि मौजूद थे।