धारा-27 के तहत शिक्षकों के तबादलों का रास्ता साफ, तीन हजार से ज्यादा आवेदन पहुंचे..
उत्तराखंड: शिक्षा विभाग में तबादला एक्ट की धारा-27 के तहत स्थानांतरण पाने के लिए शिक्षकों की ओर से बड़ी संख्या में आवेदन किए गए हैं। अब तक तीन हजार से अधिक शिक्षक तबादले की मांग को लेकर आवेदन कर चुके हैं। फिलहाल विभाग इन आवेदनों के साथ जमा कराए गए दस्तावेजों की जांच और सत्यापन में जुटा है। विभागीय स्तर पर सभी आवेदनों की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रस्ताव मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति के समक्ष रखे जाएंगे। समिति प्रत्येक मामले पर विचार करने के बाद तबादलों को लेकर आगे का निर्णय लेगी।
प्रवक्ता संवर्ग में 309 शिक्षकों ने किया आवेदन
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार प्रवक्ता संवर्ग में कुल 309 आवेदन मिले हैं। इनमें सामान्य श्रेणी के 284 और महिला संवर्ग के 25 आवेदन शामिल हैं। वहीं, सहायक अध्यापक एलटी संवर्ग में गढ़वाल मंडल से 842 शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन किया है। इनमें 766 सामान्य और 76 महिला संवर्ग की शिक्षक शामिल हैं। कुमाऊं मंडल में तबादलों को लेकर शिक्षकों की संख्या गढ़वाल से अधिक रही है। यहां सहायक अध्यापक एलटी संवर्ग के कुल 1116 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें सामान्य संवर्ग के 1007 और महिला संवर्ग की 109 शिक्षकों ने आवेदन किया है। इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग में भी एक हजार से अधिक शिक्षकों ने धारा-27 के तहत तबादले की इच्छा जताई है।
बीमार शिक्षकों को प्राथमिकता देने की मांग
राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व प्रांतीय महामंत्री रमेश पैन्यूली ने कहा कि कई शिक्षक गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं और लंबे समय से स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे शिक्षकों को धारा-27 के तहत राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले चार से पांच वर्षों से शिक्षकों से तबादलों के लिए आवेदन तो मांगे जा रहे हैं, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। पैन्यूली ने शासन से मांग की है कि आगामी चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले तबादलों की प्रक्रिया पूरी कर सूची जारी की जाए, ताकि जरूरतमंद शिक्षकों को समय रहते राहत मिल सके।

More Stories
उत्तराखंड को मिलेगी डबल लेन सड़क की सौगात, बागेश्वर-कर्णप्रयाग मार्ग का रास्ता साफ..
विधानसभा चुनाव- कर्मचारी सूची देने में लापरवाही पर 250 विभागों पर होगी कार्रवाई..
उत्तराखंड की 5.23 लाख महिलाओं को मिलेगा आर्थिक लाभ, दिसंबर में आएगी पहली किस्त..