सीएम धामी ने निर्यातकों और उद्यमियों को किया सम्मानित..
उत्तराखंड: उत्तराखंड को धार्मिक और पर्यटन की पहचान के साथ देश के प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में उद्योगों और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि उत्तराखंड का निर्यात पिछले कुछ वर्षों में 10 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 13 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सीएम सोमवार को मसूरी रोड स्थित एक होटल में इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद के 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों और निर्यातकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने में उद्यमियों और निर्यातकों का महत्वपूर्ण योगदान है। उनके नवाचार, मेहनत और गुणवत्ता ने मेड इन इंडिया की प्रतिष्ठा को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया है।
खुरपिया में 1100 करोड़ से बनेगा औद्योगिक क्लस्टर
सीएम ने ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में प्रस्तावित एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर को राज्य के औद्योगिक विकास के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि करीब 1100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाले इस क्लस्टर से लगभग 25 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं को भी लाभ मिलेगा। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं है। राज्य में विनिर्माण, उद्योग, निवेश और निर्यात के क्षेत्र में भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के शुरुआती दौर में पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां बड़े उद्योगों और निवेश को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जाती थीं। हालांकि, सरकार ने इन चुनौतियों को अवसर में बदलने का प्रयास किया है। बेहतर औद्योगिक माहौल तैयार करने के साथ निवेशकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
2027 के ग्लोबल एक्सपो में भागीदारी की अपील
सीएम ने उद्योग जगत से फरवरी 2027 में होने वाले भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो और अगस्त 2027 में आयोजित होने वाले फार्मा मैक-टेक एक्सपो में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से ऑटोमोबाइल, ऑटो कंपोनेंट्स और फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र से जुड़े उत्तराखंड के उद्यमियों को इन आयोजनों में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए केवल नियम बनाने वाली संस्था के तौर पर नहीं, बल्कि एक सहयोगी और मार्गदर्शक के रूप में काम करना चाहती है। निवेश और कारोबार को आगे बढ़ाने में सरकार हर स्तर पर उद्यमियों के साथ खड़ी रहेगी।समारोह में इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज चड्डा, उद्योग सचिव विनय शंकर पांडेय, इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष पंकज गुप्ता समेत कई उद्यमी और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

More Stories
12 साल पुरानी मांग हुई पूरी, एलटी शिक्षकों को मिलेगा पूर्व सेवा का लाभ..
आस्था के आगे टूटे पुराने रिकॉर्ड, चारधाम यात्रा में पहली बार पहुंचे 65 लाख से ज्यादा श्रद्धालु
टिहरी के गूलर में बड़ा बस हादसा, खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, आठ की मौत..