जयकारों के बीच बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट, रामपुर के लिए रवाना हुई बाबा की डोली..
उत्तराखंड: बाबा केदारनाथ के भक्तों के लिए बुधवार को इस साल की यात्रा का समापन हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच सुबह 8:30 बजे केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ से भरा रहा और चारों ओर बाबा केदार के जयकारे गूंजते रहे। कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया तड़के चार बजे से शुरू हुई। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और निर्धारित वैदिक विधि-विधान पूरे किए गए। इसके बाद शुभ मुहूर्त में सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इस ऐतिहासिक धार्मिक अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित मंदिर समिति और जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय हक-हकूकधारियों और देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी कपाट बंद होने के साक्षी बने।
डोली की विदाई के दौरान भावुक हुए श्रद्धालु
मंदिर के कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर की परिक्रमा की। इसके बाद बाबा की डोली शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर की ओर रवाना हो गई। डोली की विदाई के समय माहौल भावुक हो गया। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ बाबा को विदा किया। कई भक्त डोली के साथ ही धाम से नीचे की ओर रवाना हुए। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, बुधवार को बाबा केदार की डोली रामपुर में रात्रि विश्राम करेगी। इसके बाद 12 नवंबर को गुप्तकाशी पहुंचेगी। वहीं, 13 नवंबर को डोली ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। यहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ बाबा केदार की शीतकालीन पूजा शुरू की जाएगी।
छह महीने तक ऊखीमठ में होंगे बाबा के दर्शन
सर्दियों के दौरान केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के चलते मंदिर के कपाट बंद रहते हैं। इस अवधि में श्रद्धालु ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान केदारनाथ के दर्शन कर सकेंगे। अगले छह महीनों तक यहीं नियमित पूजा और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। कपाट बंद होने के साथ ही केदारनाथ धाम अब बर्फ की सफेद चादर में ढकने की तैयारी में है। अब श्रद्धालुओं को अगले यात्रा सीजन का इंतजार रहेगा। वर्ष 2027 में ग्रीष्मकाल के दौरान कपाट दोबारा खुलने के साथ ही बाबा केदार की यात्रा फिर से शुरू होगी।

More Stories
मसूरी में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, पर्यटन कारोबार चमका तो ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई..
उत्तराखंड स्थापना दिवस पर सौगातों की बारिश, महिलाओं से लेकर किसानों तक के लिए बड़े फैसले..
उत्तराखंड के वन क्षेत्रों में बढ़ेगा पर्यटन, 30 योजनाओं की डीपीआर तैयार कराने की कवायद तेज..