दून में लगातार वारदातों से बढ़ी चिंता, बसंत विहार क्षेत्र में संदिग्ध हालत में मिला व्यक्ति का शव..
उत्तराखंड: राजधानी देहरादून में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे के भीतर हत्या की चौथी घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। ताजा मामला बसंत विहार थाना क्षेत्र के चोरखला का है, जहां मस्जिद के पास एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सलीम के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बसंत विहार थाना पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। शुरुआती जांच में मृतक की दाईं आंख के पास चोट का निशान मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। विशेषज्ञों की टीम मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने में लगी है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण कर रही है और घटनास्थल पर मौजूद संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा रहा है।
हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल सलीम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मृतक की पृष्ठभूमि, उसके संपर्कों और घटना से पहले की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ किए जाने की संभावना है, जिससे घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
24 घंटे में चौथी वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
देहरादून में महज 24 घंटे के भीतर हत्या की चौथी घटना सामने आने से कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की चुनौतियों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस का प्रयास है कि घटना के कारणों का जल्द पता लगाकर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके।

More Stories
उत्तराखंड के वन क्षेत्रों में बढ़ेगा पर्यटन, 30 योजनाओं की डीपीआर तैयार कराने की कवायद तेज..
नए उत्तराखंड की तस्वीर पीएम मोदी के सामने रखी..
उत्तराखंड के दफ्तरों में आपदा प्रबंधन पर फोकस..