November 2, 2026

केवड़िया में गूंजी उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पीएम मोदी ने की कलाकारों की सराहना..

केवड़िया में गूंजी उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पीएम मोदी ने की कलाकारों की सराहना..

 

 

उत्तराखंड: गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में चल रहे भारत पर्व एवं राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में उत्तराखंड अपनी सांस्कृतिक विरासत के जरिए अलग पहचान बना रहा है। यहां प्रदेश के लोकनृत्य, पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प और पर्यटन स्थलों की जानकारी लोगों को आकर्षित कर रही है। 28 अक्टूबर से शुरू हुआ यह आयोजन 15 नवंबर तक चलेगा।

समारोह के दौरान 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न राज्यों की प्रदर्शनियों और स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान उत्तराखंड के कलाकारों और अधिकारियों की टीम के कामकाज एवं सामूहिक प्रस्तुति की उन्होंने सराहना की। प्रधानमंत्री से मिली प्रशंसा के बाद प्रदेश की टीम में उत्साह देखने को मिला। उत्तराखंड की ओर से लगाए गए पवेलियन में राज्य की सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान को प्रदर्शित किया जा रहा है। पर्यटन, संस्कृति और ग्राम्य विकास विभाग की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में पहाड़ी व्यंजनों, स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को जगह दी गई है। इसके साथ ही पर्यटकों को प्रदेश के धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक पर्यटन क्षेत्रों और एडवेंचर टूरिज्म की संभावनाओं से भी परिचित कराया जा रहा है।

पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजन का हिस्सा हैं। इनके माध्यम से उत्तराखंड की लोक परंपराओं और क्षेत्रीय विविधता को सामने लाया जा रहा है। विभिन्न राज्यों से पहुंचे लोग प्रदेश की कला और खान-पान के बारे में जानकारी ले रहे हैं। पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने आयोजन में शामिल अधिकारियों और कलाकारों के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय आयोजनों से उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर मिलता है। 15 नवंबर तक चलने वाले इस समारोह में उत्तराखंड का पवेलियन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को प्रस्तुत करता रहेगा।