October 9, 2026

भूकंप की चेतावनी देने वाले सिस्टम की आज होगी परीक्षा, सुबह 11 बजे रहें सतर्क..

भूकंप की चेतावनी देने वाले सिस्टम की आज होगी परीक्षा, सुबह 11 बजे रहें सतर्क..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में आज 11 बजे लोगों के मोबाइल फोन पर सायरन बज सकता है। भूकंप से पहले अलर्ट देने वाली प्रणाली की जांच के लिए यह अभ्यास किया जा रहा है। ऐसे में सायरन सुनाई देने पर लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इसका किसी वास्तविक भूकंप से कोई संबंध नहीं होगा। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से लोगों को भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित रूप से यह परीक्षण किया जाएगा। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन के मुताबिक, हर महीने की 9 तारीख को सुबह 11 बजे सायरन बजाकर लोगों को इसकी आवाज से परिचित कराया जाएगा। इससे भविष्य में वास्तविक आपदा के दौरान जारी होने वाले अलर्ट को पहचानने में मदद मिलेगी।

प्रदेश में लगाए गए 169 सेंसर और 112 सायरन
राज्य में भूकंप की पूर्व चेतावनी देने वाली व्यवस्था के तहत फिलहाल 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं। इन उपकरणों के जरिए भूकंप से संबंधित शुरुआती संकेत मिलने पर लोगों तक समय रहते सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। परीक्षण के दौरान यदि किसी क्षेत्र में सायरन या सिस्टम में तकनीकी खामी सामने आती है, तो उसे जल्द ठीक कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश में इस व्यवस्था का विस्तार करने की तैयारी भी चल रही है।

दोगुनी की जाएगी सेंसर और सायरन की संख्या
भूकंप के खतरे को देखते हुए उत्तराखंड में चेतावनी प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत सेंसर और सायरन की मौजूदा संख्या को दोगुना करने की योजना है। प्रस्तावित व्यवस्था में पांच से दस किलोमीटर के अंतराल पर सेंसर और सायरन लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक क्षेत्रों तक चेतावनी पहुंचाई जा सके। प्रशासन का उद्देश्य तकनीकी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को आपदा के प्रति जागरूक करना भी है, जिससे आपात स्थिति में समय रहते सतर्कता बरती जा सके।