September 30, 2026

केदारनाथ-बासुकीताल रूट पर पांच ट्रैकर्स लापता..

केदारनाथ-बासुकीताल रूट पर पांच ट्रैकर्स लापता..

खराब मौसम से हेली रेस्क्यू प्रभावित..

 

 

 

 

उत्तराखंड: केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक रूट पर गए पांच सदस्यीय ट्रेकिंग दल से संपर्क नहीं होने के बाद प्रशासन ने खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। लापता ट्रेकर्स के परिजनों की सूचना के बाद जिला प्रशासन ने विभिन्न सुरक्षा एवं राहत एजेंसियों को अलर्ट किया है। परिजन यशवंत सिंह चौहान ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) रुद्रप्रयाग को घटना की जानकारी दी। उनके मुताबिक उनके भाई प्रवेश चौहान 25 सितंबर को अन्य साथियों के साथ केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर गए थे। ट्रेकिंग दल की आगे ऑडिन कोल होते हुए गंगोत्री जाने की योजना थी, लेकिन इसके बाद दल से संपर्क नहीं हो पाया।

कई एजेंसियां तलाश में जुटीं
सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस नियंत्रण कक्ष और वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर को इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही 40वीं वाहिनी पीएसी से भी समन्वय स्थापित किया गया। प्रशासन के स्तर से ट्रेकिंग रूट और आसपास के इलाकों में तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया है। लापता ट्रेकिंग दल में अमित फर्सवाण, 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार, नवीन रावत, 40वीं वाहिनी पीएसी रुद्रप्रयाग, प्रवेश चौहान, फोरेस्टर उत्तरकाशी, विवेक निवासी जग्गी बगवान और संजय सिंह रावत, पशुपालन विभाग केदारनाथ शामिल बताए गए हैं।

हेलिकॉप्टर से भी की गई तलाश
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून के निर्देश के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें ट्रैक रूट पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर यूकाडा के सहयोग से हेलिकॉप्टर के जरिए भी हवाई खोज की गई। हालांकि, उच्च हिमालयी क्षेत्र में खराब दृश्यता के चलते हेलिकॉप्टर सर्च को फिलहाल रोकना पड़ा। प्रशासन के अनुसार मौसम साफ होने और परिस्थितियां अनुकूल होने पर हवाई अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा। फिलहाल जमीनी स्तर पर राहत एवं बचाव दल ट्रैकिंग रूट और संभावित क्षेत्रों में लगातार लापता ट्रेकर्स की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से अभियान की निगरानी की जा रही है।