केदारनाथ पैदल रास्ते पर मलबा बना मुसीबत, पांच वर्षीय बच्चे की मौत..
उत्तराखंड: केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर रविवार शाम चीरबासा के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के एटा निवासी पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद पैदल मार्ग बाधित होने से बड़ी संख्या में यात्री रास्ते में फंस गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों ने रातभर अभियान चलाया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम से चीरबासा के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। हादसे में एटा निवासी रोहताश यादव के पांच वर्षीय पुत्र यश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीम ने बच्चे के शव को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया। चीरबासा क्षेत्र में भारी मलबा और पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई थी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया। देर रात तक मार्ग पर फंसे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम जारी रहा। रातभर चले अभियान के दौरान करीब 1500 यात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया गया। रेस्क्यू टीमों की ओर से यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी भी की गई।

More Stories
कालिंदी ट्रेक पर फंसे 29 ट्रेकर्स सुरक्षित, हर्षिल पहुंचाकर कराई गई मेडिकल जांच..
उत्तराखंड में बिजली संकट के बीच सरकारी विभागों पर बढ़ेगा दबाव..
उत्तराखंड में 136 ट्रेकर्स के रेस्क्यू के लिए प्रशासन मुस्तैद..