August 13, 2026

खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, देहरादून-टिहरी में खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच..

खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, देहरादून-टिहरी में खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। देहरादून और टिहरी जिले में विभागीय टीमों ने होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, किचन की स्वच्छता और इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे माल के स्रोत की जांच की। अभियान के दौरान ऋषिकेश से तीन और टिहरी जिले से 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान दो प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना भी जारी की गई।

होटल किचन से लेकर स्टोर तक की जांच

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने ऋषिकेश के वीरभद्र रोड क्षेत्र में कई होटल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने मोदी रिट्रीट, गंगा किनारे, होली वाटर और सेवन सीज के किचन व स्टोर में खाद्य सामग्री के रखरखाव और तैयार करने की प्रक्रिया को देखा।अधिकारियों ने होटल संचालकों को किचन की साफ-सफाई बनाए रखने के साथ खाद्य सामग्री के भंडारण में FIFO और FEFO व्यवस्था का पालन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही किचन कर्मचारियों के चिकित्सीय परीक्षण और भोजन तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट भी देखी गई। निरीक्षण के दौरान दूध, अरहर दाल और साबुत जीरा के नमूने लिए गए। इनके अलावा खाद्य सामग्री की खरीद से संबंधित बिल और उत्पादों की लेबलिंग व पैकेजिंग की भी जांच की गई।

खाद्य सामग्री के स्रोत पर भी नजर

विभागीय अधिकारियों ने तैयार भोजन के साथ-साथ उसमें इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की गुणवत्ता और उसके स्रोत की भी पड़ताल की। होटल संचालकों से दुग्ध उत्पादों की खरीद, सप्लायर, बिल और संबंधित दस्तावेज मांगे गए।अधिकारियों ने कारोबारियों को स्पष्ट किया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। जांच के दौरान कमियां मिलने पर दो प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना जारी की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टिहरी जिले के मुनि की रेती और तपोवन क्षेत्र में भी कई होटल और रिजॉर्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान लेमन ट्री, डिवाइन रिजॉर्ट और स्टर्लिंग पाम ब्लिस के किचन व स्टोर की जांच की गई। टीम ने किचन की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के भंडारण और कर्मचारियों से संबंधित जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की। भोजन बनाने में इस्तेमाल होने वाले पानी की परीक्षण रिपोर्ट भी देखी गई। टिहरी में निरीक्षण के दौरान बेकरी उत्पाद, दाल, पकी सब्जी, ग्रेवी, चावल, स्प्रिंग रोल, भुना चना, जीरा और चिप्स समेत कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने संकेत दिया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।