देहरादून के ट्रैफिक को मिलेगी राहत, पीएम मोदी करेंगे मेगा एलिवेटेड कॉरिडोर का शिलान्यास..
उत्तराखंड: पीएम नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून के दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे शहर और राज्य के लिए कई अहम विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वे बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के साथ-साथ टिहरी जल विद्युत परियोजना के पंपिंग हाउस का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक बनाने वाली महत्वाकांक्षी रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड का शिलान्यास भी उनके हाथों किया जाएगा। यह एलिवेटेड कॉरिडोर देहरादून की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाला माना जा रहा है। करीब 26 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट में बिंदाल नदी के ऊपर लगभग 14 किलोमीटर और रिस्पना नदी के ऊपर करीब 12 किलोमीटर तक फोरलेन सड़क विकसित की जाएगी। परियोजना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वाहन औसतन 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकें, जिससे शहर के भीतर लंबी दूरी तय करना बेहद आसान हो जाएगा।
कॉरिडोर की शुरुआत कारगी क्षेत्र से होगी और यह ब्राह्मणवाला, निरंजनपुर, विजयपुर, जाखन होते हुए मसूरी रोड के मालसी क्षेत्र तक पहुंचेगा। इसके बनने के बाद वर्तमान में 25 से 30 मिनट तक लगने वाला सफर घटकर महज 10 से 12 मिनट में पूरा होने की संभावना है। खासतौर पर घंटाघर, बल्लूपुर, राजपुर रोड, सहारनपुर रोड और आईएसबीटी जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक दबाव में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है। इस परियोजना का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण NHAI के माध्यम से किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार यह केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि देहरादून की भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया एक दीर्घकालिक समाधान है, जो शहर के शहरी विकास को नई दिशा देगा। पीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कार्यक्रम स्थल, रूट प्लान तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि सभी तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें।

More Stories
नंदप्रयाग स्लाइडिंग क्षेत्र में कार्य के चलते 9 दिन रात में बंद रहेगा मार्ग..
केदारनाथ धाम के लिए हेली टिकट की दौड़, आज शाम 6 बजे से बुकिंग ओपन..
चारधाम यात्रा में डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम की तैयारी..