चारधाम यात्रियों के लिए बड़ी तैयारी, हरिद्वार में 20 काउंटर और परिवहन हेल्प डेस्क..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस, परिवहन, पर्यटन, स्वास्थ्य और नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी चारधाम यात्रियों के पंजीकरण की व्यवस्था हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में की जाएगी। यहां जर्मन हैंगर युक्त अस्थायी पंजीकरण केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिसमें कुल 20 काउंटर संचालित होंगे। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग को निर्देशित किया कि पंजीकरण काउंटर सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक संचालित किए जाएं और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
पर्यटन विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि जर्मन हैंगर के भीतर पंखे, बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यात्रियों को भीषण गर्मी या भीड़ के बीच परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही होल्डिंग एरिया भी चिह्नित किए जाएंगे, जहां अत्यधिक भीड़ की स्थिति में यात्रियों को रोका जा सके। जिलाधिकारी ने सम्भागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान ट्रिप कार्ड और ग्रीन कार्ड बनाने के साथ ही वाहनों से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए ऋषिकुल मैदान में हेल्प डेस्क स्थापित की जाए। इसके अतिरिक्त, वीकेंड या विशेष अवसरों पर धामों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए धर्मशालाओं और आश्रमों का चिह्नीकरण करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को ठहरने की समुचित व्यवस्था मिल सके।
हरिद्वार के प्रमुख दर्शनीय स्थलों के साइनबोर्ड तैयार कर उन्हें आश्रमों, अखाड़ों, होटलों और मुख्य यात्रा मार्गों पर लगाए जाने की भी योजना बनाई गई है। इससे यात्रियों को स्थानीय पर्यटन स्थलों की जानकारी मिलेगी और शहर में भ्रमण सुगम होगा। स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। नगर निगम को पंजीकरण केंद्र और होल्डिंग एरिया में पर्याप्त शौचालय और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रतिदिन सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती के आदेश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया है कि ऋषिकुल मैदान में यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु मेडिकल कैंप स्थापित किया जाए।
सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि सभी होटल और रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर के स्थान पर गैस पाइपलाइन से आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही चारधाम यात्रा के दौरान बस अड्डे से बदरीनाथ और केदारनाथ के लिए बसों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। परिवहन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रियों की संख्या के अनुरूप व्यवस्थाएं करने पर जोर दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक साबित हो। बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

More Stories
अब अशासकीय कॉलेजों को भी मिलेगा शोध अनुदान, प्रस्ताव पर लगी मुहर..
धामी सरकार ने जारी की 145.93 करोड़ की सहायता, हजारों बेटियों को लाभ..
केदारनाथ यात्रा की तैयारी तेज, 5 हजार घोड़ा-खच्चरों के संचालन की तैयारी..