देवभूमि में चारधाम यात्रा का आगाज, पहले दिन तीन धाम में 45 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन..
उत्तराखंड: केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हो गया। शुक्रवार को हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच तीनों धाम के कपाट विधि विधान के साथ खोले गए। पहले दिन करीब 45 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। केदारनाथ धाम में 30 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया है। केदारनाथ धाम पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पीएम मोदी के नाम से देशवासियों की सुख समृद्धि के लिए पूजा अर्चना की।
केदारनाथ धाम के कपाट सुबह सात बजे खुले। हजारों श्रद्धालु कपाट खुलने के गवाह बने। इस दौरान धाम में हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। बाबा केदार के जयकारों और सेना की ग्रेनेडियर रेजीमेंट की बैंड धुनों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। सुबह चार बजे से मंदिर परिसर तथा दर्शन पंक्ति में यात्रियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था।
बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय, मंदिर के रावल भीमांशंकर लिंग, मुख्य कार्याधिकारी योगेंद्र सिंह, पुजारी, धर्माचार्य, वेदपाठी की अगुवाई में कपाट खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई। सुबह सात बजे कपाट खोले गए। मां यमुना की डोली धाम में पहुंचने के बाद सुबह 10.29 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए। जबकि गंगोत्री धाम के कपाट 12.25 बजे विधि विधान से खुले। जिला प्रशासन के अनुसार गंगोत्री धाम में पहले दिन 12 हजार से अधिक और यमुनोत्री धाम में 2500 श्रद्धालु पहुंचे।

More Stories
सरकारी अस्पतालों में शाम की ओपीडी की तैयारी, डॉक्टरों को एक्स्ट्रा इनकम तो मरीजों को राहत..
पहाड़ की संस्कृति से कमाई का हुनर, बद्री-केदार के स्मृति चिह्न बना रहीं महिलाएं..
कुंभ 2027 की सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन, सेक्टरवार निकासी और आपदा प्रबंधन प्लान के निर्देश..